BiharBihar NewsBreaking NewsCrimeEducationHeadlinesStateTrending

खान सर पर गिरफ्तारी की तलवार, रातभर कोचिंग के बाहर डटे रहे छात्र

FIR के बाद बढ़ी हलचल, पुलिस पहुंची कई बार लेकिन नहीं हो सकी गिरफ्तारी

Khan Sir Coaching Attack: पटना के चर्चित शिक्षक खान सर पर आर्म्स एक्ट और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज होने के बाद शहर में सियासी और सामाजिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार रात से लेकर शनिवार सुबह तक उनकी कोचिंग के बाहर बड़ी संख्या में छात्र जुटे रहे। इस दौरान कई बार पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन खान सर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे से ही खान सर की कोचिंग के बाहर छात्रों की भीड़ जमा होने लगी थी। देखते ही देखते सैकड़ों छात्र वहां पहुंच गए और सुबह तक डटे रहे। पुलिस ने कई बार छात्रों को समझाकर घर लौटने की अपील की, लेकिन छात्र अपनी जगह पर बने रहे।

कदमकुआं थाने की पुलिस रातभर 4 से 5 बार कोचिंग के बाहर पहुंची। हालांकि पुलिस का उद्देश्य गिरफ्तारी नहीं बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और छात्रों को शांत करना था। पुलिस की ओर से लगातार अनाउंसमेंट कर छात्रों से भीड़ न लगाने और किसी के बहकावे में न आने की अपील की गई।

इससे पहले मामले को लेकर आईजी कार्यालय में उच्च स्तरीय बैठक भी हुई थी, जिसमें पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की गई। प्रशासन ने छात्रों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है।

दरअसल, 2 जून की रात खान सर की कोचिंग के बाहर फायरिंग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर के दो गार्ड्स प्रदीप कुमार और तालेबर सिंह को गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस पूछताछ में दोनों गार्ड्स ने दावा किया कि कोचिंग के बाहर हंगामे की सूचना मिलने पर वे खान सर के साथ बाहर आए थे। पूछताछ के दौरान दोनों ने आरोप लगाया कि खान सर के कहने पर ही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फायरिंग की गई थी। गार्ड्स के अनुसार, इसके बाद उन्होंने दो-दो राउंड फायर किए।

गार्ड्स के बयान के आधार पर पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है और खान सर की गिरफ्तारी होती है या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: