Breaking NewsFarmingHeadlinesJharkhandRanchiStateTrendingweather

झारखंड में मौसम का बदलेगा मिजाज, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा, 10 जून से प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने के आसार

Jharkhand Weather: दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के बीच झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदलने लगा है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के कई इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 6 जून को राज्य के कई हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि केरल पहुंच चुका दक्षिण-पश्चिम मानसून अब तेजी से आगे बढ़ रहा है। अगले दो से तीन दिनों में इसके गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और पूर्वोत्तर भारत तक पहुंचने की संभावना है। इसका असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिल रहा है।

7 जून को राज्य के दक्षिणी और मध्य भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन, वज्रपात और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 8 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 9 जून को भी राज्य के दक्षिणी और मध्य हिस्सों में वज्रपात और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

वहीं 10 जून से राज्य के कई इलाकों में प्री-मानसून बारिश शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा पाकुड़ जिले में 80 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
%d bloggers like this: