
India A vs Sri Lanka A: श्रीलंका के दांबुला में खेली जा रही ट्राई-नेशन ए सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया ए ने श्रीलंका ए के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि भारतीय टीम की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही और शुरुआती ओवरों में ही दो बड़े झटके लग गए।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी, जिनके इंडिया ए डेब्यू पर सभी की नजरें थीं, 14 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह भी सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। शुरुआती विकेट गिरने के बाद भारत दबाव में नजर आया।
इसके बाद प्रियांश आर्य और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभालने की जिम्मेदारी उठाई। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को संकट से बाहर निकालने की कोशिश की। प्रियांश आर्य ने 32 रनों की उपयोगी पारी खेली, लेकिन दुर्भाग्यवश रन आउट होकर अपना विकेट गंवा बैठे।
प्रियांश के आउट होने के बाद कप्तान तिलक वर्मा क्रीज पर आए और उन्होंने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन संतुलन दिखाते हुए भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
ऋतुराज गायकवाड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। खबर लिखे जाने तक वह 57 रन बनाकर नाबाद थे, जबकि तिलक वर्मा 28 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे थे। दोनों के बीच अहम साझेदारी भारत के लिए बड़े स्कोर की नींव रखती नजर आ रही है।



