
ऋचा घोष की शानदार पारी भी नहीं बचा सकी भारत को, इंग्लैंड ने 5 रन से दी मात
Womens T20 World Cup 2026: महिला टी20 विश्व कप 2026 से पहले खेले गए वॉर्म-अप मुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम को इंग्लैंड के खिलाफ 5 रन से हार का सामना करना पड़ा। 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया 19.5 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हो गई। हालांकि विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने 36 गेंदों में 68 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका।
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। टीम की ओर से एमी जोंस ने 45 गेंदों पर 64 रन और नेट साइवर-ब्रंट ने 57 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। वहीं डैनी गिब्सन ने अंतिम ओवरों में 12 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाकर इंग्लैंड के स्कोर को मजबूत किया। भारत की तरफ से श्रेयांका पाटिल ने दो विकेट झटके, जबकि शेफाली वर्मा, रेणुका सिंह, श्री चरणी और राधा यादव को एक-एक विकेट मिला।
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना जल्दी आउट हो गईं और इसके बाद भी विकेट गिरने का सिलसिला जारी रहा। शेफाली वर्मा ने 13, यास्तिका भाटिया ने 15, हरमनप्रीत कौर ने 17 और भारती फूलमाली ने 18 रन बनाए। शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लगातार फ्लॉप होने से टीम दबाव में आ गई।
हालांकि ऋचा घोष ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए शानदार अर्धशतक जमाया और मैच को रोमांचक बना दिया। उनकी 68 रन की पारी में कई आकर्षक चौके और छक्के शामिल रहे। लेकिन आखिरी ओवर में भारतीय टीम लक्ष्य से 5 रन दूर रह गई और 166 रन पर सिमट गई।
टी20 विश्व कप शुरू होने से पहले यह हार भारतीय टीम के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी मानी जा रही है। खासतौर पर शीर्ष क्रम की बल्लेबाजी और दबाव के समय साझेदारी बनाने की कमी टीम प्रबंधन के लिए चिंता का विषय होगी। वहीं ऋचा घोष की शानदार फॉर्म भारत के लिए सकारात्मक संकेत लेकर आई है।



