महिलाओं ने संभाली जिम्मेदारी: जर्जर सड़क और पुलिया की खुद की मरम्मत, प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
पश्चिमी सिंहभूम के बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मार्ग पर वर्षों से बदहाल पुलिया की मरम्मत नहीं होने पर आजीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने श्रमदान कर भरे गड्ढे, जल्द कार्रवाई नहीं होने पर सड़क जाम का ऐलान।

बड़ाजामदा (पश्चिमी सिंहभूम): पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य मार्ग पर स्थित सुखचैन मोटर के पास जर्जर सड़क और पुलिया की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ अनोखा कदम उठाया है। आजीविका ग्राम संगठन बस्ती जामदा की महिलाओं ने खुद श्रमदान कर सड़क और पुलिया के गड्ढों में मुरूम-मिट्टी भरकर मार्ग को समतल बनाया।
गौरतलब है कि 1 जून को प्रकाशित खबर में पुलिया की जर्जर स्थिति और संभावित दुर्घटना की आशंका को प्रमुखता से उठाया गया था। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई। इससे नाराज महिलाओं ने स्वयं आगे बढ़कर जनहित में कार्य करने का निर्णय लिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार सुखचैन मोटर के पास स्थित पुलिया लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। पुलिया के बीचों-बीच बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और कई जगहों पर आर-पार छेद हो गए हैं। ऐसे में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। भारी मालवाहक ट्रकों और यात्री बसों के लगातार आवागमन से पुलिया की स्थिति और खराब होती जा रही है।
यह मार्ग बड़ाजामदा, नोवामुंड़ी, किरीबुरू, बड़बिल और जोड़ा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ता है। प्रतिदिन सैकड़ों यात्री वाहन और लौह अयस्क परिवहन करने वाले ट्रक इस सड़क से गुजरते हैं। बावजूद इसके, पुलिया की मरम्मत और पुनर्निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि पुलिया की मरम्मत की मांग को लेकर कई बार आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किए जा चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से केवल आश्वासन ही मिला है। ऐसे में महिलाओं द्वारा किया गया श्रमदान प्रशासन के लिए एक संदेश है कि यदि सरकार और विभाग अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएंगे तो जनता खुद आगे आकर समस्याओं का समाधान करने को मजबूर होगी।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने झारखंड सरकार एवं संबंधित अधिकारियों से तत्काल पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो जनसुरक्षा के मद्देनजर बड़ाजामदा-नोवामुंड़ी मुख्य सड़क मार्ग को अनिश्चितकाल के लिए जाम कर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने से बेहतर है कि प्रशासन समय रहते आवश्यक कदम उठाए।



