Mirzapur The Movie: झारखंड की रसिका दुग्गल बनीं कालीन भैया की पत्नी
Mirzapur The Movie में रसिका दुग्गल एक बार फिर बीना त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगी। जानिए झारखंड से बॉलीवुड तक का उनका सफर और कैसे मिला था यह रोल।

मिर्जापुर: द मूवी में कालीन भैया की पत्नी बनीं झारखंड की रसिका दुग्गल, आखिरी वक्त पर ऐसे मिला था बड़ा रोल
‘मिर्जापुर’ की दुनिया अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है और ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी एक बार फिर कालीन भैया यानी अखंडानंद त्रिपाठी के किरदार में नजर आएंगे। वहीं उनकी पत्नी बीना त्रिपाठी का किरदार एक बार फिर रसिका दुग्गल निभा रही हैं। फिल्म 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि कालीन भैया की बीवी यानी बीना त्रिपाठी का किरदार निभाने वाली रसिका दुग्गल का झारखंड से खास कनेक्शन है?
रसिका दुग्गल का जन्म और बचपन जमशेदपुर में बीता। वह करीब 18 साल की उम्र तक झारखंड में ही रहीं। इसके बाद पढ़ाई के लिए वह दूसरे शहर चली गईं। आज भी उनका परिवार झारखंड से जुड़ा हुआ है और रसिका कई मौकों पर अपने होम स्टेट को याद करने की बात कह चुकी हैं।
रसिका के लिए ‘मिर्जापुर’ में बीना त्रिपाठी का किरदार मिलना भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं था। एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि उन्हें खुद भी नहीं पता था कि वह इस सीरीज का हिस्सा बनेंगी या नहीं। जब उन्हें पता चला कि करण अंशुमन एक नया शो बना रहे हैं, तो उन्होंने सोचा कि अगर मेकर्स उन्हें कास्ट करना चाहते होंगे तो शायद खुद संपर्क करेंगे।
लेकिन एक दोस्त की सलाह पर रसिका ने करण अंशुमन को खुद मैसेज कर दिया। खास बात यह रही कि उन्हें महज एक मिनट के अंदर जवाब मिल गया। इसके बाद मुलाकात हुई और उन्हें बीना का किरदार ऑफर किया गया। रसिका ने रोल के बारे में जानने के बाद इसे स्वीकार कर लिया।
बीना त्रिपाठी का किरदार ‘मिर्जापुर’ की कहानी के सबसे चर्चित महिला किरदारों में से एक रहा है। यह किरदार सिर्फ कालीन भैया की पत्नी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि कहानी के दौरान बीना ने अपनी अलग पहचान और रणनीतिक समझ दिखाई।
रसिका ने भी बीना के किरदार को लेकर कहा है कि उसे सिर्फ एक ‘मजबूत महिला’ के खांचे में रखना सही नहीं होगा। उनके मुताबिक बीना का किरदार काफी जटिल है और उसमें भावनात्मक, रणनीतिक और नैतिक स्तर पर कई परतें हैं। यही वजह है कि यह किरदार दर्शकों के बीच इतना चर्चा में रहा है।
अब ‘मिर्जापुर: द मूवी’ में बीना और कालीन भैया के रिश्ते की कहानी किस मोड़ पर पहुंचती है, यह देखना काफी दिलचस्प होगा। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, रसिका दुग्गल, अली फजल और दिव्येंदु शर्मा समेत कई पुराने कलाकार वापसी कर रहे हैं। वहीं कुछ किरदारों में नई कास्टिंग भी देखने को मिलेगी।
खास तौर पर विक्रांत मैसी की जगह जितेंद्र कुमार का बाबलू पंडित के किरदार में आना भी फिल्म की चर्चित कास्टिंग खबरों में शामिल है।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है और कहानी ‘मिर्जापुर’ की उसी चर्चित दुनिया को आगे बढ़ाती है, जिसमें सत्ता, बदला और वर्चस्व की लड़ाई देखने को मिलती है। फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ऐसे में अब फैंस की नजर इस बात पर है कि बड़े पर्दे पर कालीन भैया, बीना, गुड्डू और मुन्ना की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचती है। खासकर बीना त्रिपाठी के किरदार में रसिका दुग्गल की वापसी को लेकर दर्शकों में काफी उत्सुकता है।


