
Garhwa News: विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी गढ़वा शहर की जीवनदायिनी और ऐतिहासिक सरस्वतिया नदी को पुनर्जीवित करने के प्रशासनिक कोशिशों ने अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले लिया है. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) संजय कुमार की संवेदनशीलता और उनकी अपीलों का ही असर है कि शहर के युवाओं का कारवां इस मुहिम से लगातार जुड़ता जा रहा है. जनसहभागिता से संचालित “आपन सरस्वतिया” अभियान के छठे दिन करणी सेना भारत (युवा इकाई, गढ़वा) के कार्यकर्ताओं ने नदी तट पर उतरकर न केवल समर्पण के साथ श्रमदान किया, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के इस प्रयास के लिए प्रशासनिक नेतृत्व के प्रति ‘प्रकृति रक्षक सम्मान’ सौंपकर अपनी गहरी कृतज्ञता जाहिर की.
सामूहिक शपथ ली
करणी सेना भारत की युवा इकाई के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह के नेतृत्व में युवाओं और स्थानीय नागरिकों की भारी भीड़ नदी के तटीय क्षेत्रों में इकट्ठा हुई. नदी के बहाव क्षेत्र और किनारों से भारी मात्रा में कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक हटाकर सफाई अभियान चलाया. श्रमदान के इस काम के बाद, मौजूद सभी युवाओं ने सरस्वतिया नदी को स्वच्छ, सुंदर और अविरल बनाए रखने की सामूहिक शपथ ली. नदी की सफाई के बाद करणी सेना भारत की युवा इकाई द्वारा एसडीएम संजय कुमार के लिए आभार जातने करने के लिए एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
एसडीएम को मिला ‘प्रकृति रक्षक सम्मान’
संगठन के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह ने एसडीएम कुमार को ‘प्रकृति रक्षक सम्मान’ का मोमेंटो सौंपकर समाज की ओर से उनके प्रति गहरा धन्यवाद ज्ञापित किया. बताया गया कि यह सम्मान किसी औपचारिकता या बड़े उपकार के रूप में नहीं, बल्कि पर्यावरण और समाज को नई दिशा देने वाले एक सच्चे नायक के प्रति युवाओं के आदर और कृतज्ञता के भाव को प्रदर्शित करने के लिए था. यह सम्मान इस बात का प्रतीक बना कि जब प्रशासनिक व्यवस्था समाज की भलाई के लिए आगे आती है, तो युवा अपनी पूरी ऊर्जा के साथ उसके पीछे खड़े हो जाते हैं. शुभम सिंह ने कहा कि ‘प्रकृति रक्षक सम्मान’ केवल हमारे आभार को प्रकट करने का एक छोटा सा जरिया हैं. पर्यावरण और जल स्रोतों का संरक्षण हम सबकी साझी नैतिक जिम्मेदारी है. प्रशासनिक स्तर पर एसडीएम संजय कुमार जी के नेतृत्व में जो महाअभियान शुरू हुआ है, उसने सोए हुए समाज को जगाने और पूरे जिले में पर्यावरण चेतना फूंकने का अद्भुत काम किया है. ऐसी कोशिशों के सामने समाज हमेशा नतमस्तक रहता है. ‘प्रकृति रक्षक सम्मान’ कोई पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह इस मिट्टी और नदी से जुड़े युवाओं की तरफ से एसडीएम सर के प्रति आभार प्रकट करने का एक छोटा सा जरिया है.
ये लोग रहे मौजूद
सरस्वतिया नदी को नया जीवन देने के इस सराहनीय पहल और श्रमदान कार्यक्रम में करणी सेना के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह के साथ मुख्य रूप से शिवम सिंह, विशाल सिंह, प्रियांशु सिंह, लालबाबू, इलेश, विकास, वैभव, अजीत, संतोष सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे. सभी ने एक सुर में एसडीएम के इस ऐतिहासिक प्रयास को सराहा और आगे भी अभियान में डटे रहने का संकल्प दोहराया.