
UP Police Constable Exam 2026: उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 75 जिलों के 1183 परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। तीन दिनों तक चली इस परीक्षा में लाखों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया। भर्ती बोर्ड ने परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए ई-केवाईसी, बायोमेट्रिक सत्यापन और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया।
परीक्षा के दौरान कई जिलों में फर्जी अभ्यर्थियों और कूटरचित दस्तावेजों के जरिए परीक्षा देने की कोशिश करने वालों को पकड़ा गया। गौतमबुद्ध नगर और अलीगढ़ में बायोमेट्रिक व ई-केवाईसी जांच के दौरान फर्जीवाड़ा सामने आने पर मुकदमे दर्ज किए गए। वहीं सोशल मीडिया पर परीक्षा को लेकर भ्रामक वीडियो और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
भर्ती बोर्ड के अनुसार अब तक परीक्षा से जुड़े कुल 12 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता से समझौता करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आगे भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।