
1300 रुपये का टिकट, 78 करोड़ का जैकपॉट।
कहते हैं किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता। संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में एक नेपाली सिक्योरिटी गार्ड और उसके चार दोस्तों की किस्मत उस वक्त चमक गई, जब उन्होंने महज 50 दिरहम यानी करीब 1300 रुपये का लॉटरी टिकट खरीदा और 30 मिलियन दिरहम यानी लगभग 78 करोड़ रुपये का जैकपॉट जीत लिया।
अबू धाबी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करने वाले 25 वर्षीय तैय्यब खान ने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर यह टिकट खरीदा था। सभी दोस्त लंबे समय से मिलकर लॉटरी में किस्मत आजमा रहे थे। हर हफ्ते कोई एक दोस्त नंबर चुनता था और सभी मिलकर टिकट खरीदते थे।27 मई को हुए ड्रॉ के दौरान तैय्यब अपनी नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे थे। उन्हें जैकपॉट लगने की जानकारी ईमेल के जरिए मिली। शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई छोटा-मोटा इनाम मिला होगा, लेकिन जब उन्होंने पूरी जानकारी देखी तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पांचों दोस्तों ने 30 मिलियन दिरहम की पुरस्कार राशि बराबर बांटी, जिससे प्रत्येक के हिस्से में करीब 15 करोड़ रुपये आए।
तैय्यब ने बताया कि वह 2024 से लगातार लॉटरी खरीद रहे थे और कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। अब वह अपनी नौकरी छोड़कर कारोबार शुरू करना चाहते हैं। साथ ही यूएई में प्रॉपर्टी में निवेश करने और नेपाल में अपने परिवार के लिए एक अच्छा घर बनाने की योजना भी बना रहे हैं।