पाकिस्तान के कोर्ट परिसर में डांस पार्टी! वायरल वीडियो से मचा बवाल, जांच में जुटी पुलिस

रावलपिंडी ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, डांसर पर नोट उड़ाते दिखे लोग।

पाकिस्तान कोर्ट परिसर में डांस पार्टी।
पाकिस्तान के रावलपिंडी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने न्यायिक व्यवस्था की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां कोर्ट परिसर के अंदर कथित तौर पर डांस पार्टी आयोजित किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग महिला डांसर के साथ नाचते और उस पर नोट उड़ाते दिखाई दे रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पाकिस्तान के रावलपिंडी स्थित ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स में हुई कथित डांस पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम कोर्ट परिसर के उस हिस्से में आयोजित किया गया था, जिसका इस्तेमाल वकील करते हैं। वीडियो में पुरुष और महिलाएं एक महिला डांसर के साथ पार्टी करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोग उस पर पैसे भी उड़ाते नजर आ रहे हैं।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत एक चौकीदार की ओर से दी गई, जिसने वायरल वीडियो का हवाला देते हुए न्यायिक परिसर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियों का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता का कहना है कि वीडियो में दिखाई देने वाले लोगों की पहचान आसानी से की जा सकती है।एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे लोगों की पहचान करने और उन्हें हिरासत में लेने के लिए जांच अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले की जांच जारी है।कोर्ट परिसर में वायरल डांस पार्टी ने पाकिस्तान की न्यायिक व्यवस्था पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं, अब सभी की नजर पुलिस जांच के नतीजों पर टिकी है।

Exit mobile version