दिल्ली में आज कई अस्पताल के ओपीडी सेवाएं बंद

नीट पीजी 2021 काउंसलिंग को आयोजित करने में बार-बार हो रही देरी के कारण डॉक्टरों के राष्ट्रीय संगठनों ने हड़ताल का ऐलान किया है

दिल्ली में आज कई अस्पताल के ओपीडी सेवाएं बंद

ज्योति कुमारी की रिपोर्ट दिल्ली: राजधानी दिल्ली समेत देशभर के कई अस्पतालों में ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। नीट पीजी 2021 काउंसलिंग को आयोजित करने में बार-बार हो रही देरी के कारण डॉक्टरों के राष्ट्रीय संगठनों ने हड़ताल का ऐलान किया है। राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में राम मनोहर लोहिया अस्पताल, सफदरजंग अस्पताल अस्पताल और लेडी हार्डिग अस्पताल इस हड़ताल में शामिल हैं। दिल्ली के अलावा कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात सहित देश के कई राज्यों में भी रेजीडेंट डॉक्टरों ने हड़ताल को समर्थन देने का फैसला लिया है।

फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (FORDA) ने 27 नवंबर यानी शनिवार से देशभर में हड़ताल की अपील की है। फोर्डा के अनुसार, देश के रेजीडेंट डॉक्टर कोविड-19 महामारी के कारण पहले से ही बोझ से दबे और थके हुए हैं। बावजूद इसके वे अभी तक पीजी काउंसलिंग 2021 की धैर्यपूर्वक प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्हें शारीरिक और मानसिक संकट से कोई राहत नहीं मिल रही है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनीष कुमार का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द इस पर कोई फैसला नहीं लिया तो देशभर के अस्पतालों में रेजीडेंट डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रहेगी।

फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (फेमा) के अध्यक्ष डॉ. रोहन कृष्णन ने बताया कि नीट पीजी की काउंसलिंग को अस्थायी तौर पर आगे बढ़ा दिया है। डॉक्टरों के फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन नीट पीजी काउंसलिंग में हो रही देरी का विरोध कर रहे हैं। एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि हम मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से मिले सकारात्मक परिणामों के लिए इंतजार कर रहे हैं।

Exit mobile version