7 से 11 जून तक बिहार में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, कई जिलों में ऑरेंज चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में वज्रपात, तेज हवा और भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 11 जून को कई इलाकों में मौसम का सबसे ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

पटना: बिहार में अगले कई दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने 7 जून से 11 जून तक राज्य के विभिन्न जिलों के लिए येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, वज्रपात, तेज आंधी और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक 7 जून से 9 जून तक बिहार के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पटना, वैशाली, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, बांका, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, जहानाबाद, गया और जमुई सहित कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

वहीं पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास और औरंगाबाद जिलों में इस अवधि के दौरान मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र ने 9 और 10 जून के लिए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, गरज के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज, अररिया, भागलपुर, मुंगेर, बांका और जमुई शामिल हैं।

इसके अलावा बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय और नवादा जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जून को मौसम का असर और अधिक गंभीर हो सकता है। बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा, जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और कटिहार जिलों में भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Exit mobile version